रायपुर

मनरेगा में मजदूरी दर 11 रुपए की हुई बढ़ोत्तरी से अब 204 रूपए मिलेंगे

रायपुर(कोरबा वाणी)-मनरेगा से ग्राम पंचायतों में विकास के विभिन्न कार्य कराए जाने के साथ यहां के ग्रामीणों को रोजगार भी मिलने से पलायन को काफी हद तक रोका गया है। मनरेगा श्रमिकों को 1 अप्रैल से रोजाना 204 रूपए की मजदूरी मिलेगी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए राज्यवार प्रतिदिन मजदूरी की दर का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया है। मनरेगा के तहत काम करने वाले अकुशल हस्त कर्मकारों के लिए छत्तीसगढ़ के लिए 204 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी तय की गई है। उक्त नई दर 1 अप्रैल से प्रभावी होंगी। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 193 रुपए मजदूरी दर निर्धारित थी। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए इसमें 11 रूपए की बढ़ोतरी की गई है।