कोरबा न्यूज़

जिला व ब्लॉक मुख्यालयों में 25 से अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन का 5 दिनी हड़ताल

कोरबा(कोरबा वाणी)-केन्द्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता की मांगों पर जिला व ब्लॉक मुख्यालयों में शासकीय अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन का 25 जुलाई से 5 दिनी हड़ताल शुरू होगा। इस कलम रख काम बंद हड़ताल में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। फेडरेशन के संयोजक केआर डहरिया ने बताया कि प्रदेश के करीब 5 लाख अधिकारी-कर्मचारी केन्द्र के समान 12 फीसदी महंगाई भत्ता देने और लंबित 7 वें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता देने की मांग पर 5 दिनी हड़ताल पर रहेंगे। इन मांगों को लेकर पहले भी शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ठ कराया गया था। लेकिन इस ओर ध्यान नहीं देने से हड़ताल करने बाध्य हुए हैं। जिले में करीब 30 हजार अधिकारी-कर्मचारी हैं जो इस हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल अवधि में तीन जगहों पर धरना दिया जाएगा। जिला मुख्यालय तानसेन चौक आईटीआई कोरबा में कोरबा व करतला खंड के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। पाली मुख्यालय में पाली खंड के और कटघोरा मुख्यालय में पोड़ी-उपरोड़ा व कटघोरा के कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में फेडरेशन के कार्य संयोजक जेपी खरे, महासचिव तरूण सिंह राठौर, प्रवक्ता ओमप्रकाश बघेल मौजूद रहे।