कोरबा न्यूज़

महाशिवरात्रि के दिन घर में घुसा सांप, गांव वालों ने माना महापर्व के दिन सांप दिखना शुभ, जितेंद्र सारथी ने किया रेस्क्यु

कोरबा (कोरबा वाणी) – महाशिवरात्रि से पहले सपने में सांप का दिखना अच्छा समय शुरू होने का प्रतीक माना है. माना जाता है की जीवन में शिवजी की कृपा से धन दौलत का आगमन होने वाला है. महाशिवरात्रि पर महज सपने में सांप दिखना इतना शुभ है तो अंदाजा लगाइए जब महाशिवरात्रि पर किसी के घर आकर सांप दर्शन दे तो क्या होगा? डर में ही सही लेकिन लोग आस्था के सागर में गोते खाने लगेंगे। और ऐसा कोरबा में हुआ भी।

दरअसल आज हर तरफ महाशिवरात्रि पर्व की धूम हैं, लोग सुबह से ही मंदिर पहुंच कर भगवान शिव पर जल अभिषेक कर पूजा अर्चना कर रहे हैं। वही कोरबा के दादर खुर्द गांव के एक घर में काले-पीले रंग की धारी वाला अहिराज सांप घुस गया। जिसे घर वालों ने शुभ माना। वहीं गांव वालों ने आस्था से जोड़ते हुवे सांप के दर्शन को शुभ मानते हुवे सांप को मारने या डराकर भगाने के बजाए बचाने के लिए स्नैक रेस्क्यू टीम को सूचना दी ताकि उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाए।

गांव वालो की सूचना पर स्नैक रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी गांव पहुंचे और एक किनारे बैठे अहिराज सांप को सुरक्षित रेस्क्यु कर हवादार डिब्बे में बंद किया। इस दौरान गांव वालों ने भगवान शिव के जयकारे के साथ हर हर महादेव और बम बम भोले का उद्घोष किया।

कुछ समय बाद गांव वालों की मदद से सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

बताया जा रहा है की अहिराज साप पानी में रहने वाले डोढ़ीहा सांप को निगलकर बैठा था पर लोगों को देखते ही अहिराज ने उसे उगल दिया। जिसके बाद मरे हुए डोढ़ीहा सांप को पास के खेत में फेक दिया गया।

स्नैक रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने जिले के सभी आम जनों से अपील करते हुए कहा है कि सांपो का निकलने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया हैं। धूप और गर्मी से बचने के लिए सांप छांव और ठंडे जगह की तलाश में घर में भी घूंस सकते है इसलिए सावधान रहें। सांप दिखते ही हेल्प लाइन नंबर 8817534455, 7999622151 पर सूचना दे।