यूपी के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 387 उम्मीदवार जमानत तक नहीं बचा पाए
लखनऊ(कोरबा वाणी)- यूपी के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लहर में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली है। उत्तरप्रदेश में कभी एकतरफा राज करने वाली कांग्रेस साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में 97 फीसदी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। समाचार एजेंसी के मुताबिक कांग्रेस के 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
इस विधान सभा चुनाव में प्रदेश में कुल 4442 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिसमें से 3522 उम्मीदवार अपनी जमानत नहीं बचा पाए। देश के सबसे बड़े प्रदेश में दो सीट पर ही कांग्रेस ने जीत हासिल की, वहीं सिर्फ चार सीटों पर दूसरे स्थान पर रही। देश में लगातार जनाधार खो रही कांग्रेस के भविष्य पर अब सवाल उठने लगे हैं। 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में 4 राज्यों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला है। इधर बहुजन समाज पार्टी का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा। प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लडऩे वाली बसपा 290 सीटों पर जमानत नहीं बचा पाई। पार्टी की झोली में मात्र एक सीट आई जबकि वह सिर्फ 14 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही। अन्य सीटों पर वह सीधी लड़ाई से बाहर थी। लगातार दूसरी बार सत्ता में आकर मिथक तोडऩे वाली भाजपा के भी तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई।