पार्टी बदलने की चर्चाओं पर स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा- वे कांग्रेस में है और भविष्य में भी कांग्रेस में ही रहेंगे
रायपुर(कोरबा वाणी)-भाजपा या आप का आने वाले समय में दामन थाम लेने की हो रही चर्चाओं के बीच स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसे पूरी तरह से नकार दिया है। समाचार एजेंसी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने रायपुर में कहा कि वे कांग्रेस में है और भविष्य में भी कांग्रेस में ही रहेंगे। भाजपा में जाने का तो सवाल ही नहीं उठता। चर्चा तो यह भी रही कि पंजाब में कांग्रेस को हराकर सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से संपर्क किया है। इस पर सिंहदेव ने कहा कि राज्य में आम आदमी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है। प्रदेश में भाजपा व कांग्रेस दो दल ही सक्रिय हैं। कांग्रेस में माहौल सकारात्मक है। आप प्रमुख केजरीवाल से कभी उनकी मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि एक चाहत अभी भी उनकी बाकी है, उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह जल्द पूरी हो जाएगी।