Uncategorized

हसदेव नदी जंगल और पर्यावरण बचाने की मांग को लेकर किसान सभा ने किया प्रदर्शन

कोरबा वाणी-हसदेव के जंगल जमीन पर्यावरण और वन्य प्राणियों के संरक्षण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान पर छत्तीसगढ़ किसान सभा ने हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए हसदेव के जंगलों को काटने के खिलाफ कोरबा जिले के गांव गांव में किया विरोध प्रदर्शन।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला सचिव प्रशांत झा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का हसदेव अरण्य उत्तरी कोरबा, दक्षिणी सरगुजा व सूरजपुर जिले में स्थित एक विशाल व समृद्ध वन क्षेत्र है जो जैव विविधता से परिपूर्ण हसदेव नदी और उस पर बने मिनीमाता बांगो बांध का केचमेंट है जो जांजगीर-चाम्पा कोरबा बिलासपुर जिले के नागरिकों और खेती की प्यास बुझाता है। हसदेव अरण्य क्षेत्र की समृद्धता,पर्यावरणीय महत्व और उसकी आवश्यकता को समझते हुए भी केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अडानी कंपनी के मुनाफे के लिए इसका विनाश कर रही है।
किसान सभा के नेता जवाहर सिंह कंवर और दीपक साहू ने कहा कि हाल ही में नये परसा कोल ब्लॉक और पूर्व संचालित परसा ईस्ट केते बासेन कोल ब्लॉक के दूसरे चरण में खनन की अनुमति हेतु छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दी गई अंतिम वन स्वीकृति से लगभग 6 हजार एकड़ क्षेत्रफल में 4 लाख 50 हजार पेड़ों को काटा जायेगा। एक बार जंगल काट दिए जाएं तो इंसानों द्वारा उन्हें दोबारा नहीं उगाया जा सकता है।
हसदेव अरण्य के विनाश के खिलाफ 2 मार्च से यहां निवासरत आदिवासी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। 2015 में हसदेव अरण्य क्षेत्र के 20 ग्राम सभाओं में विधिवत प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को प्रेषित कर उनके क्षेत्रों में किसी भी कोल ब्लॉक का आवंटन नहीं करने की मांग की गई थी। इसके विपरीत जा कर कार्पोरेट परस्त मोदी सरकार ने हसदेव अरण्य क्षेत्र में गैर कानूनी तरीके से 7 कोल ब्लॉक आवंटन राज्य सरकारों की कंपनियों को कर दिया है और छत्तीसगढ़ सरकार भी केंद्र के साथ खड़ी है।
किसान सभा ने कहा कि हसदेव क्षेत्र की जनता के पास संघर्ष के अलावा कोई रास्ता नहीं है हसदेव अरण्य को बचाने की लड़ाई में हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के साथ देश की जनता साथ में खड़ी है। हसदेव बचाने के किये गए देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान में माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर किसान सभा से जवाहर सिंह कंवर, दीपक साहू,जय कौशिक, पुरषोत्तम, संजय सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुये।

जवाहर सिंह कंवर
जिलाध्यक्ष
मो.799931762

प्रशांत झा
जिला सचिव
मो. 7694098022
छत्तीसगढ़ किसान सभा