कोरबा न्यूज़

आरोप: केन्द्र की जनविरोधी नीतियों पर लगातार आवाज उठाने से विपक्ष पर दबाव बनाने जांच एजेंसी का दुरूपयोग

कोरबा(कोरबा वाणी)-नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ईडी के भेजे गए समन का छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में विरोध हुआ। जिले में तानसेन चौक पर कांग्रेस के जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। केन्द्र सरकार पर केन्द्रीय जांच एजेंसियों के दुरूपयोग के आरोप लगाए गए। धरना स्थल पर जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मुंह पर काली पट्टी लगाकर तथा रामधुन के साथ शांति पूर्वक विरोध प्रदर्शन किया।
महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि भाजपा शासित केन्द्र सरकार सेंट्रल एजेंसीज का दुरूपयोग कर रही है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को बेवजह नोटिस जारी कर विपक्ष को दबाने का असफल प्रयास करने में लगी है। निगम के सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि पूरे देश भर में जनहित के मूल मुद्दों को दबाने के उद्देश्य से मोदी सरकार समय-समय पर बेवजह की कार्यवाही करने में लगी है। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने मोदी सरकार के इशारे पर ईडी के द्वारा विपक्ष के बड़े नेताओं के खिलाफ बेवजह कार्यवाही को दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही बताते हुए कहा कि मोदी सरकार देश में दुर्भावनापूर्वक कार्यवाही तथा नफरत की राजनिति करने पर तुली है। देश में अमन-चैन की चिंता करने के बजाए नफरत की राजनीति करने पर आमादा हो गई है। धरने में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष उषा तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, रेखा त्रिपाठी, कार्यवाहक अध्यक्ष सत्येन्द्र वासन, उपाध्यक्ष अवधेश सिंह, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रदीप अग्रवाल, आनंद पालीवाल, रश्मि सिंह, पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कंवर, जोन अध्यक्ष यशवंत चौहान, मो. शाहिद, लक्ष्मीनारायण देवांगन समेत अन्य शामिल हुए।