राजनैतिक बदले की भावना से प्रदेश सरकार भाजपा व भाजयुमो के नेताओं पर करा रही एफआईआर: कौशिक
कोरबा(कोरबा वाणी)-जिले के प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता-प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार राजनैतिक बदले की भावना से भाजपा व भाजयुमो के नेताओं पर एफआईआर दर्ज करा रही है। उन्हें जेल जाना मंजूर है पर कांग्रेस शासित राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता को जो छलने व ठगने का काम किया है, अवैध खनन व कोल माफियाओं को शह दिया है, उसके खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। इसे अलोकतांत्रिक तरीके से प्रदेश सरकार ने कुचलने का प्रयास जरूर किया है। लेकिन वे डरने व घबराने वालों में से नहीं है।
कौशिक ने आगे कहा कि कांग्रेस सिद्धांत व विचारधारा विहीन हो गई है। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सत्ता में आएगी। छत्तीसगढ़ में बदहाली है तो पूरे देश में कांग्रेस की स्थिति खराब है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी पार्टी नहीं है। चुनाव के समय कार्यकर्ता पार्टी की प्रत्याशी की जीत के लिए काम करते हैं, बाकी समय पार्टी को मजबूत बनाने अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाते हैं। जिसके माध्यम से विभिन्न विषयों से अवगत कराने के साथ भाजपा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बतायी जाती है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को अपग्रेड करना है।