भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने मेरी सलाह मानी होती तो 2018 के विस चुनाव में परिणाम कुछ और होते: कंवर
कोरबा(कोरबा वाणी)-रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने टीपी नगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने से समाज को सर्वोच्च सम्मान मिला है। इससे सर्व समाज गौरवान्वित महसूस हुआ है। एक सवाल का जवाब देते हुए विधायक कंवर ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने उनकी सलाह मानी होती तो परिणाम कुछ और होते। लेकिन उस समय उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। उन्होंने कहा था कि वे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाकर देंगे, इसके लिए भले ही उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएं। विधायक कंवर के इस बयान ने भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व के फैसले को कटघरे में ला खड़ा किया है। रामपुर विधायक ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज स्वागत करता है। देश की आजादी के बाद पहली बार यह हुआ है कि जनजाति समुदाय की प्रतिनिधित्व करने वाली मुर्मू को राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाई गई है। देश में भाजपा के शासनकाल में विभिन्न प्रयासों से जनजाति समुदाय के लोगों का विकास हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग से जनजाति मंत्रालय बनाकर समाज के विकास को गति दी, अब उसे पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। 12 करोड़ से ज्यादा जनजाति समाज की देश में आबादी है। विधायक कंवर ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार मुर्मू के पक्ष में अन्य दलों के विधायक, सांसदों को समर्थन देने आग्रह किया है।