कोरबा न्यूज़

हड़ताल पर बैठे अधिकारी-कर्मचारियों ने कराया मुंडन

कोरबा(कोरबा वाणी)- केंद्र के समान 34% महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता देने की 2 सूत्रीय मांग को लेकर छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन का जिला स्तरीय 5 दिवसीय हड़ताल का आज तीसरा दिन है. विगत तीन दिनों से कामबंद हड़ताल पर चल रहे अधिकारी-कर्मचारियों ने आंदोलन और तेज कर दिया है। आज हड़ताली कर्मचारियों ने धरना स्थल पर गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया तो वहीँ सामूहिक मुंडन कराकर राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की. कुल 16 हड़ताली कर्मचारियों ने मुंडन कराया. अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल से वैसे ही सरकारी दफ्तरो में कामकाज ठप पड़ा है। हड़ताल का सबसे अधिक विपरीत प्रभाव कलेक्टोरेट कार्यालय के तहत आने वाले सभी कार्यालयों में दिखाई दे रहा है। किसानों व आमजन को सरकारी दफ्तरों से निकाली जाने वाली नकल व अन्य जानकारियां नहीं मिल रही है। आमजनों के हड़ताल से बुरी तरह प्रभावित होने के बाद भी सरकार कर्मचारियों से वार्ता को तैयार नहीं हो रही है फेडरेशन के जिला संयोजक और कार्यकारी संयोजक ने कहा की घर के बड़े और मुखिया के स्वर्गवास होने पर मुंडन कराया जाता है उसी तरह राज्य के 5 लाख कर्मचारियों के मुखिया प्रदेश सरकार का स्वर्गवास हो गया है इसलिए मृत राज्य सरकार की शोक सांत्वना के लिए कर्मचारियों ने मुंडन करवाया. मुंडन के दौरान हड़ताली कर्मचारियों ने भगवन से प्रार्थना करते कहा की राज्य सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करें.