कोरबा न्यूज़

विजयादशमी पर्व कल: तलवार घुमा आग उगलेगा लाल मैदान का 105 फीट ऊंचा रावण

कोरबा(कोरबा वाणी)-दर्री एचटीपीपी के लाल मैदान में धूमधाम से मनाए जाने वाले विजयादशमी के पर्व पर रावण के तैयार किए जाने वाले पुतला को हर बार कुछ अलग करने का प्रयास रहता है। यही वजह है कि यहां दूरदराज से भी लोग दशहरा का उत्सव मनाने पहुंचते हैं। इस बार लाल मैदान का रावण तलवार घुमाने के साथ आग उगलते नजर आएगा। 105 फीट ऊंचा बन रहे इस रावण के पुतला में टेक्रिकल तरीके से तैयार करने राज्य बिजली कंपनी के इंजीनियर्स के हुनर का भी उपयोग हुआ है।
शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल कॉलोनी के लाल मैदान का दशहरा उत्सव लोगों के बीच खास महत्व रखता है। यहां विभिन्न जगहों से दशहरा उत्सव को देखते लोग पहुंचते हैं। 5 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। शहर के एमपी नगर, रविशंकर शुक्ल नगर, पुरानी बस्ती कोरबा समेत उपनगर के बालको, बांकीमोंगरा, पाली, कटघोरा, दीपका में भी दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।