ग्राम पंचायत रजगामार को नगर पंचायत बनाने की उठी मांग, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवम पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह को सौंपा गया मांग पत्र
कोरबा (कोरबा वाणी)- ढोंगदरहा के विकसित भारत संकल्प यात्रा में भारतीय जनता पार्टी कुदमुरा मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मी श्रीवास ने ग्राम पंचायत रजगामार को नगर पंचायत बनाने की मांग का ज्ञापन पत्र केंद्रीय ग्रामीण विकास एवम पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह को सौंपा। जिसमे उल्लेखित किया गया है की 2011 के सर्वे सूची के अनुसार ग्राम पंचायत रजगामार की जनसंख्या 11885 है साथ ही ग्राम पंचायत रजगामांर नगर पंचायत बनने के हर मापदंड को पूरा करता है।
एक नजर ग्राम पंचायत पर
ग्राम पंचायत रजगामार के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और भारतीय डाकघर संचालित है । शिक्षा के क्षेत्र में यहां पर सरस्वती शिशु मंदिर, ज्ञान दीप स्कूल , बीकन स्कूल और अग्रसेन गुरुकुल स्कूल सहित अनेक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संचालित है। रजगामार पंचायत के अंतर्गत SECl की खदान भी संचालित है जिसका राजस्व रजगामार को नगर पंचायत का दर्जा मिलते ही नगर पंचायत रजगामार को प्राप्त होगा जो नगर पंचायत रजगामार के विकास का आधार होगा।
रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी घोषणा
रमन सिंह सरकार के कार्यकाल में ग्राम पंचायत रजगामार को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद यह ठंडे बस्ती में चली गई। अब पुनः भाजपा की सरकार प्रदेश में बन चुकी है जिससे कार्यकर्ताओं सहित ग्रामवासियों में एक बार फिर आस जगी है। यही वजह है की नगर विकास को देखते हुए नगर पंचायत की मांग की जा रही हैं।