रायपुर

कर्ज के बोझ में डूबा छत्तीसगढ़, यूपी व असम में यही मॉडल लागू करने के वादे पर कांग्रेस हार गई चुनाव: नेता-प्रतिपक्ष

रायपुर(कोरबा वाणी)-छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता-प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासित प्रदेश सरकार को श्रीलंका की राह पर चलना बताया। उन्होंने कहा कि कर्ज के बोझ में छत्तीसगढ़ डूबता जा रहा है। यूपी व असम में यही मॉडल लागू करने के वादे पर कांग्रेस चुनाव हार गई।
कौशिक ने कहा कि जमीनी स्तर पर विकास के कोई काम नहीं हो रहे हैं। प्रदेश की आय बढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दूसरी ओर प्रदेश सरकार कर्ज पर कर्ज ले रही है। 2021 में श्रीलंका पर विदेशी कर्ज 3500 करोड़ डॉलर था। 2022 में वह बढक़र 5100 करोड़ डॉलर हो गया है। वह किश्तें तक चुकाने में नाकाम है। छत्तीसगढ़ की सरकार भी इतने ही दिनों में 5100 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। अगर यही सरकार आगे जारी रहा तो छत्तीसगढ़ को कर्ज में डूबने से कोई नहीं बचा पाएगा। उन्होंने उदयपुर में आयोजित कांग्रेस के चिंतन शिविर को चिंता शिविर बताया और कहा कि इस शिविर में पार्टी के अस्तित्व बचाने की चिंता कर रहे हैं। क्योंकि देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर आगे बढ़ रहा है।