कोरबा न्यूज़

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के 31वीं पुण्यतिथिपर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा आयोजित हुआ कार्यक्रम

कोरबा(कोरबा वाणी)- पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के नेतृत्व में राष्ट्र ने प्रत्येक क्षेत्र में नई उपलब्धियां पाई है क्षेत्र चाहे आर्थिक हो, सामाजिक, राजनैतिक या टेक्नोलॉजी का क्षेत्र हो इन सभी क्षेत्रों में देश ने नई उपलब्धियां पाई है। उक्त कथन राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के 31वीं पुण्यतिथि अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किया। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने राजीव गांधी को याद करते हुए आगे कहा कि राजीव पंचायती राज के प्रबल पक्षधर थे। वे पंचायती राज के माध्यम से प्रजातंत्र की नींव मजबूत करना चाहते थे। वे चाहते थे की गांव की पंचायत को निर्णय लेने का अधिकार हो।

महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि राजीव के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उनके अंदर हर काम करने के लिए दूरदर्शिता एव आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ठता का जुनून भरा हुआ था। 21वीं सदी के भारत को विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में देखने का सपना उन्होने ही देखा था। उन्होने ही देश में कम्प्यूटर एवं दूरसंचार के अत्याधुनिक साधन उपलब्ध कराए। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सबको राजीव के सपनों को पूरा करने के लिए संकल्प लेने की आवश्यकता है।
सभापति श्याम सुंदर सोनी ने आगे कहा कि राजीव गांधी ने हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी एवं महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान देने की बात जोरदार ढंग से कही थी। श्याम सुंदर सोनी ने राजीव के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव ने महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में भागीदारी के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया उन्होने आगे कहा कि राजीव गांधी के सभी प्रयास पूर्ण रूप से राष्ट्र निर्माण और अन्तर्राष्ट्रीय सौजन्य में भारत के लिए एक विशिष्ट स्थान दिलाने हेतु केंद्रित होते थे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि राजीव गांधी ने ग्राम विकास और समाज के सभी वर्गो के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया। संचार माध्यम के विस्तार से आम सर्वहारा वर्ग को लाभ मिल रहा है। आज हर हाथ में मोबाइल है। राजीव जी ने 21वीं सदी में ले जाने की बात कही थी उनके द्वारा दिखाया गया सपना साकार हो रहा है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजीव ने मत देने का अधिकार 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष तय किया। उन्होने बताया कि कांग्रेस ने रोजगार के साथ भोजन की गारंटी प्रदान की है वहीं पारदर्शी लाने के लिए सूचना का अधिकार जैसी ताकत भी दी है। भारत निर्माण के तहत चल रही योजनाएं जीवन को सुखद व सुदृढ़ बनाने का काम कर रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, सुधीर जैन, दुष्यंत शर्मा, बी. एन. सिंह, शशिलता पाण्डेय, मुकेश राठौर, शांता मण्डावे, बद्री किरण, गिरधारी बरेठ, अमन पटेल, लखन लाल सिंह, लक्ष्मी नारायण चौहान, मनीषा अग्रवाल, माधुरी ध्रुव, सीमा उपाध्याय, क्रांति सोनी, सावित्री, शालू पनरिया आदि ने राजीव जी के जीवनी पर प्रकाश डाला और कहा कि राजीव और कांग्रेस की उपलब्धियों को नजरअंदाज नही किया जा सकता उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत में आई.टी. की शुरुआत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में राजीव के तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया और राजीव अमर रहे के नारे लगाए गये। राजीव जी के पुण्यतिथी दिवस को आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में मनाते हुए आतंकवाद के विरोध में सभी ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास रखते हुए सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने सभी वर्गो के बीच, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबुझ कायम करने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली और विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की शपथ ली।