कोरबा न्यूज़

सांसद अरूण साव ने कहा- इस देश का कुछ नहीं हो सकता जैसी सोच बदली, अब लोग कह रहे मोदी है तो मुमकिन है

कोरबा(कोरबा वाणी)-बिलासपुर के सांसद अरूण साव गुरुवार को कोरबा प्रवास पर पहुँचे । केन्द्र की सत्ता पर काबिज भाजपा शासनकाल के 8 साल पूरे होने पर उन्होंने तिलक भवन में पत्रकार वार्ता लेकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को बताया। चर्चा के दौरान सांसद साव ने कहा कि पहले देश के लोगों की एक सामान्य सोच यह थी कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता। लेकिन बीते 8 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए कठोर फैसलों की वजह से लोगों की धारणा बदली और अब कह रहे हैं कि मोदी है तो मुमकिन है। जो कभी नहीं हुआ, वह मोदी जी के शासनकाल में हुआ।
सांसद साव ने कहा कि गरीबों के लिए रोटी, कपड़ा व मकान के वादे को केन्द्र सरकार पूरा कर रही है। पीएम आवास योजना से गरीबों को पक्का मकान मिला, जिसके लिए ये कभी सपना ही देख सकते हैं। पीएम मोदी ने इनके सपनों को पूरा कर दिया। सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के मूलमंत्र पर केन्द्र सरकार काम कर रही है। इसका लाभ देश की जनता को मिल रहा है। देश की कमान पीएम मोदी के संभालने के बाद से भारत की एकता व अखंडता मजबूत हुई है। बरसों पुराने देश के कई विवादित समस्याओं का स्थायी व शांतिपूर्ण तरीके से समाधान हुआ है। गरीब, किसान, कमजोर व आम लोगों के लिए केन्द्र कई जनकल्याणकारी योजनाएं भी चला रही है। जनता के हित को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लेने से पीछे नहीं हटी। जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाने धारा 370 हटाया, भाजपा शासित केन्द्र सरकार के कार्यकाल में ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा हुआ। गरीब सवर्णों को आरक्षण का लाभ मिला। ट्रिपल तलाक कानून लाए गए। पत्रकार वार्ता में कटघोरा के पूर्व विधायक लखनलाल देवांगन, भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, भाजपा नेता ज्योतिनंद दुबे व विकास महतो उपस्थित रहे।