कलेक्टर संजीव झा की पहल से निधि करेगी होटल मेनेजमेंट की पढाई
कोरबा(कोरबा वाणी)-कलेक्टर संजीव झा की संवेदनशीलता से गरीब परिवार की छात्रा कुमारी निधि टण्डन होटल मेनेजमेंट की पढ़ाई करेगी। निधि की आगे की पढाई के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। दरअसल पुरानी बस्ती कोरबा निवासी कुमारी निधि टण्डन ने आज आयोजित जनचौपाल में नया रायपुर स्थित इन्टीट्यूट ऑफ होटल मेनेजमेंट में बीएससी होटल एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स की पढाई के लिए संस्थान में प्रवेश के लिए आवश्यक सहयोग करने के संबंध में कलेक्टर झा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होने कमजोर आर्थिक स्थिति और गरीब परिवार से संबंधित होने की जानकारी कलेक्टर को दी। पढाई में मेधावी निधि ने बताया कि उन्होने कक्षा 12वी विज्ञान विषय के साथ 89 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण किया है। निधि ने होटल मेनेजमेंट संस्थान में पढाई करने की इच्छा जताते हुए पढाई में आवश्यक आर्थिक सहयोग करने के लिए कलेक्टर से निवेदन किया। कलेक्टर झा ने निधि की बातांे को संवेदनशीलता से सुनते हुए उनकी होटल मेनेजमेंट की पढाई में डीएमएफ मद से आवश्यक मदद करने के निर्देश बैठक में मौजूद अधिकारियों को दिये। जन चौपाल मे जिले वासियों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर संजीव झा ने कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित जनचौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निदान के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। जन चौपाल में आज 107 लोगों ने कलेक्टर झा को अपनी समस्याओं-सुझावों से अवगत कराया। आज आयोजित जनचौपाल में एडीएम विजेन्द्र पाटले, डी.एफ.ओ. कोरबा प्रियंका पाण्डेय, डीएफओ कटघोरा प्रेमलता यादव, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. नूतन कंवर, नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय सहित सभी विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।