रायपुर

केन्द्रीय मंत्री का दावा- केन्द्र में भाजपा की सत्ता आने के बाद से देश के किसी भी राज्य में किसानों को खाद की कमी नहीं

रायपुर(कोरबा वाणी)-रविवार को राजधानी रायपुर पहुंचे केन्द्रीय रसायन व उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने मीडिया से चर्चा के दौरान दावा किया है कि केन्द्र में भाजपा की सत्ता आने के बाद देश की कमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभालने के बाद से देश के किसी भी राज्य में किसानों को खाद की कमी नहीं है। केन्द्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासित प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने केंद्र की ओर से राज्यों को आपूर्ति किए जाने वाले रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। साथ ही यह नसीहत भी दी है कि छत्तीसगढ़ सरकार उर्वरकों के मुद्दे का राजनीतिकरण करना बंद करे। राज्य में कई मुद्दे है जिन पर बोलना चाहिए। बीते 8 सालों में देश के किसानों को एक बोरी खाद की भी कमी नहीं आई है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार के पास डीएपी, यूरिया उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र सरकार पर राज्य को पर्याप्त रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया था।