माटी पूजन से रासायनिक की जगह जैविक खाद का उपयोग करने किसानों को देंगे संदेश
कोरबा(कोरबा वाणी)-प्रशासन छत्तीसगढ़ के लोक पर्व अक्ति पर 3 मई को माटी पूजन से फसलों में रासायिक की जगह जैविक खाद का इस्तेमाल करने किसानों को संदेश देंगे। जिला स्तर पर पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम सुतर्रा स्थित गौठान में कार्यक्रम होंगे। ग्राम पंचायत से लेकर जनपद पंचायत स्तर पर भी माटी पूजन के कार्यक्रम होंगे। जिन ग्राम पंचायतों में गोठान हैं वहां माटी पूजन कार्यक्रम गोठान में ही आयोजित किए जाएंगे। अन्य स्थानों पर ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इस महाअभियान का उद्देश्य प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों और जनमानस की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसके तहत विभिन्न गतिविधियों में रसायनिक खाद एवं कीटनाशकों के स्थान पर वर्मी कंपोस्ट, गोमूत्र एवं जैविक खादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना, रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान के प्रति जन जागरूकता फैलाना, मानव और पशु आहार को हानिकारक रसायनों से मुक्त करना भी है। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है। धरती की रक्षा को लेकर जागरूक कर इसकी शपथ ली जाएगी। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन होगा। बता दें कि गांवों में मनाया जाने वाला यह लोक पर्व अक्ति पर देवस्थल पर परपंरानुसार ग्राम देवता की विशेष पूजा होती है। बेहतर फसल की कामना से ग्रामीण देवस्थल पर हल चलाने के बाद घरों से लाए धान ग्राम देवता को अर्पित कर यहां पर बोए जाने की भी परंपरा निभाते है। इसी के मद्देनजर शासन-प्रशासन ने अक्ति पर माटी पूजन महाभियान से जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ाने रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने का किसानों को संदेश देने का निर्णय लिया है।