तुंहर पौधा तुंहर द्वार कार्यक्रम एक जुलाई से: 1.14 करोड़ से अधिक पौधों का होगा रोपण, 1.67 करोड़ पौधे वितरित करने वन विभाग ने रखा लक्ष्य
रायपुर(कोरबा वाणी )-वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से राज्य में चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 1 करोड़ 14 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके साथ ही वन विभाग चालू वर्ष के दौरान 1 करोड़ 67 लाख पौधों के वितरण का लक्ष्य भी रखा है। राज्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए वन विभाग की सभी 257 नर्सरियों में 3 करोड़ 12 लाख से अधिक पौधे वर्तमान में उपलब्ध हैं। एक जुलाई से सभी वनमंडलों में तुंहर पौधा तुंहर द्वार कार्यक्रम होगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल बैठक में वृक्षारोपण कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सचिव वन आर. संगीता, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) पीवी नरसिंग राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक पीसी पांडेय, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक तपेश झा, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशीष भट्ट तथा कैम्पा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वी श्रीनिवास राव मौजूद थे।