कोरबा न्यूज़

दीपका व भैंसमा को तहसील बनाने हुई घोषणा, अब कोरबा जिले में 11 हो जाएगी तहसीलों की संख्या

कोरबा(कोरबा वाणी)-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए प्रदेश में 6 नए तहसील बनाने की घोषणा की है। जिसमें कोरबा जिले के दीपका व भैंसमा को तहसील बनाने सौगात मिली है। वर्तमान में जिले में 9 तहसील हैं जिसमें कोरबा, करतला, कटघोरा, पाली, पोड़ी-उपरोड़ा, दर्री, हरदीबाजार, बरपाली व अजगरबहार शामिल है। जिले में दो और नए तहसील बनाए जाने की घोषणा से अब इसकी संख्या 11 हो जाएगी। इसके पहले साल 2020 में कांग्रेस शासित प्रदेश सरकार के घोषित 23 नए तहसीलों में कोरबा जिले के दर्री और हरदीबाजार को तहसील बनाया गया था।
59 गांवों के लिए दीपका को तहसील का दर्जा देने हुई थी मांग
यहां बताना होगा कि जिला पंचायत उपाध्यक्ष रीना जायसवाल ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को पत्र लिखकर उपतहसील दीपका को तहसील का दर्जा देने की मांग की थी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष जायसवाल ने बताया था कि करीब 12 साल उप तहसील को हो गए हैं। जिसमें 16 हल्के, 3 आरआई सर्कल व 59 ग्राम हैं। दीपका नगर पालिका क्षेत्र होने के साथ इसी उप तहसील में एशिया की बड़ी खदान संचालित है। दीपका तहसील के गठन से इसके आसपास के बड़े ग्रामों तिवरता, रंजना, सिरकी, लिटियाखार, पखनापारा, नुनेरा, देवगांव, देवरी, कोरई, चाकाबुड़ा, पुरेना, जवाली, फलझर को शामिल किया जा सकता है। इन गांवों की दूरी महज 8 से 10 किलोमीटर है। दीपका को तहसील का दर्जा मिलने से बड़ी आबादी को अपने राजस्व कार्य के लिए दूर जाना नहीं पड़ेगा। क्षेत्र के अधिकांश ग्राम खदान प्रभावित होने से राजस्व कार्य के लिए 40 किलोमीटर दूर कटघोरा जाना पड़ता है। अब उप तहसील दीपका को तहसील का दर्जा मिलने से क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी तय करनी नहीं पड़ेगी।